दावे-आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता पर जोर, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दशोली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सगर में चल रहे निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की प्रगति और अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण में जिन मतदाताओं के नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं या जिनके विवरण में त्रुटियां हैं, उनके लिए जनपद में कैंप मोड में सुनवाई की जा रही है। इन शिविरों में बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं अन्य अधिकारी मौके पर दस्तावेजों का सत्यापन कर त्रुटियों का तत्काल निराकरण कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग तय समयसीमा में पूरी की जाए तथा निर्वाचक नामावली में सभी विवरण सही और अद्यतन दर्ज हों। उन्होंने सुनवाई केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील हैं। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को सरल और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से अपनी समस्या के समाधान का अवसर मिल सके।

जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि जिनके नाम अभी तक मैप नहीं हुए हैं या जिनके विवरण में त्रुटियां हैं, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित सुनवाई केंद्रों पर पहुंचकर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करें।

जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में तीन से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में तीन से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में तीन से 22 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री धामी की सुरक्षा प्राथमिकता : सीसीटीवी, ड्रोन और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच शिवभक्तों के लिए बनाया सुरक्षित कांवड़ मार्ग

Wed Aug 5 , 2026
हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को आस्था, सेवा और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड ने देश के विभिन्न राज्यों से आए शिवभक्त कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। राज्य सरकार की ओर से […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!