तकनीकी शिक्षा के विस्तार को खुलेंगे 8 नये पाॅलीटेक्निक काॅलेज – डाॅ. धन सिंह रावत

  • कहा – विभाग में लम्बे समय से रिक्त व पदोन्नति के पदों को भरना होगी प्राथमिकता
  • विभागीय अधिकारियों को दिये निर्देश, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का रखें ध्यान

देहरादून : तकनीकी शिक्षा के विस्तार को प्रदेश में आठ नये पाॅलीटेक्निक काॅलेजों की स्थापना की जायेगी। साथ ही विश्वविद्यालय के समस्त कैम्पस काॅलेजों एवं पाॅलीटेक्निक संस्थानों में लम्बे समय से रिक्त शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर पदों पर स्थाई नियुक्ति की जायेगी। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा विभाग में पदोन्नति एवं विभिन्न संवर्ग के रिक्त पदों को भरना प्राथमिकता में रहेगा। विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता पर विशेष फोकस रहेगा।

कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास पर मंत्रिमंडल विस्तार के उपरांत मिले नये विभाग तकनीकी शिक्षा की पहली बैठक ली। जिसमें उन्होंने अधिकारियों के साथ विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। डाॅ. रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि तकनीकी शिक्षा के अंतर्गत विश्वविद्यालय एवं संगठक संस्थानों में लम्बे समय से रिक्त शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर पदों को भरने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाय, साथ राजकीय पाॅलीटेक्निक संस्थानों में रिक्त शिक्षकों के पदों को भी शीघ्र भरा जाय ताकि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापरक शिक्षा दी जा सके। बैठक में विभाग के अंतर्गत विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुये डाॅ. रावत ने कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान दिया जाय।

उन्होंने कहा कि राज्य में तकनीकी शिक्षा को और अधिक विस्तार देने के लिये पर्वतीय क्षेत्रों में प्रस्तावित आठ नये पाॅलीटेक्निक संस्थानों की शीघ्र स्थापना की जायेगी। जिसमें चोपता (रूदप्रयाग), पोखरी (चमोली), पौड़ी व सतपुली (पौड़ी), नई टिहरी, टिपली (उत्तरकाशी), कपकोट (बागेश्वर) तथा पिथौरागढ़ शामिल है। इसके अलावा जिन संस्थानों में छात्रावास की आवश्यकता है उनकी डीपीआर तैयार कर प्रस्ताव शीघ्र शासन को उपलब्ध करने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिये। डाॅ. रावत ने विभाग के अंतर्गत विभिन्न संवर्ग में पदोन्नति के रिक्त पदों पर शीघ्र डीपीसी कराने के निर्देश भी बैठक में दिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जायेगी जिसमें सभी प्रस्तावित योजनाओं के साथ ही पुराने कार्यों व नवाचार की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया जायेगा।

बैठक में संयुक्त सचिव तकनीकी शिक्षा विक्रम सिंह यादव, कुलसचिव तकनीकी विश्वविद्यालय डाॅ. राजेश उपाध्याय, निदेशक जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रोद्योगिकी संस्थान पौड़ी, प्रो. विजय कुमार, निदेशक बीटीकेआईटी द्वाराहाट प्रो. संतोष कुमार, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, सचिव प्राविधिक शिक्षा परिषद मुकेश पाण्डे, संयुक्त निदेशक आलोक मिश्रा, देवेन्द्र गिरी, उप निदेशक महेन्द्र कन्याल, डीन काॅलेज ऑफ टेक्नोलाॅजी पंतनगर प्रो. एस.के. गोयल, वित्त नियंत्रक विक्रम सिंह जंतवाल, उप सचिव तकनीकी शिक्षा ब्योमकेश दुबे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

NGRMP परियोजना के क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया 9 करोड रुपए की धनराशि का अनुमोदन, कहा – हिमालय संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता

Thu Mar 26 , 2026
प्रदेश में संवेदनशील हिमनद झीलों की निगरानी एवं जोखिम न्यूनीकरण हेतु वर्किंग ग्रुप का गठन, वाडिया संस्थान नोडल एजेंसी देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालयी पारिस्थितिकी की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए राज्य में हिमनद झीलों से उत्पन्न संभावित आपदाओं के प्रभावी प्रबंधन एवं जोखिम न्यूनीकरण के लिए […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!