रुड़की : महाराष्ट्र में तरबूज खाने से एक ही परिवार के कई लोगों की मौत की खबर के बाद उत्तराखंड का खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है। खाद्य आयुक्त सचिन कुर्वे के निर्देश पर रुड़की की कृषि मंडी में शुक्रवार तड़के छापेमारी की गई।
खाद्य उपायुक्त गढ़वाल आर.एस. रावत के नेतृत्व में पहुंची टीम ने तरबूज, खरबूजा, पपीता और केले समेत विभिन्न फलों की गहन जांच की। इस दौरान कई स्थानों से सैंपल एकत्र कर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
छापेमारी के दौरान एक गोदाम से संदिग्ध केमिकल भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल फलों को कृत्रिम रूप से पकाने में किए जाने की आशंका है। वहीं, कई व्यापारियों के पास फलों को कृत्रिम रूप से पकाने से संबंधित वैध लाइसेंस भी नहीं पाया गया।
खाद्य उपायुक्त आर.एस. रावत ने बताया कि जिन व्यापारियों के पास आवश्यक लाइसेंस नहीं हैं, उन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है। निर्धारित 10 दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अत्यधिक चमकदार या असामान्य रूप से पके हुए फल खरीदने से बचें और सतर्कता बरतें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि आम लोगों की सेहत के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो सके।

