सड़क नहीं तो चुनाव नहीं, मासौं-कफलखेत-दादड़ के ग्रामीणों की चेतावनी

  • पांच साल से अधर में छह किमी सड़क का निर्माण, डेढ़ किमी बनाकर काम छोड़ा

गोपेश्वर (चमोली)। पांच साल से सड़क निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रहे मासौं-कफलखेत-दादड़ के ग्रामीणों का सब्र अब जवाब देने लगा है। छह किमी लंबी सड़क में महज डेढ़ किमी निर्माण के बाद काम बंद होने से नाराज ग्रामीणों ने आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग उठाई।

चमोली जिले के दशोली ब्लॉक के ग्राम पंचायत दादड़ की प्रधान अनीता देवी ने बताया कि मासौं-कफलखेत-दादड़ मोटर मार्ग का निर्माण वर्ष 2021 में लोक निर्माण विभाग ने शुरू किया था। करीब डेढ़ किमी सड़क बनाने के बाद काम बंद कर दिया गया। ग्रामीणों के लगातार पत्राचार के बाद मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत संबंधित विभाग को सौंपा गया, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है।

उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों और बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे गंभीर स्थिति बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान होती है। ग्रामीणों को मरीजों को डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मोटर मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है। लंबे समय से बनी इस समस्या के समाधान में देरी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो वे मतदान का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान उप प्रधान विपिन कुमार, प्रेम प्रकाश, रमेश लाल, बॉबी चंद्र सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

 

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

देर रात गलियों में जमावड़े पर पुलिस सख्त

Sat Oct 24 , 2026
शिकायतों के बाद एक्शन मोड में गोपेश्वर पुलिस गोपेश्वर (चमोली)। नगर की गलियों में देर रात युवाओं के झुंड बनाकर खड़े रहने, नशे से जुड़ी गतिविधियों और राह चलती महिलाओं एवं युवतियों को असहजता होने की शिकायतों के बाद गोपेश्वर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!