उत्तराखंड : UTU में लीक हुआ पेपर, दो परीक्षाएं रद्द, आरोपी प्रोफेसर सात साल के लिए प्रतिबंधित

देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सम सेमेस्टर 2025-26 की दो विषयों की परीक्षाएं तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी हैं। इनमें Machine Learning for Internet of Things (IOTT004) और Electromagnetic Field Theory (ECT043) शामिल हैं। दोनों विषयों की पुनर्परीक्षा अगस्त 2026 के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्र से संबंधित सामग्री छात्रों तक पहुंचने और परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग होने की पुष्टि के बाद यह कार्रवाई की गई है। मामले में संबंधित बाहरी प्रश्नपत्र निर्माता (External Paper Setter) पर सात वर्षों के लिए विश्वविद्यालय की सभी परीक्षा संबंधी गतिविधियों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

शिकायत के बाद हुई जांच

विश्वविद्यालय प्रशासन को Machine Learning for Internet of Things विषय की परीक्षा को लेकर शिकायत मिली थी। आरोप था कि परीक्षा से पहले छात्रों को संभावित प्रश्न उपलब्ध कराए गए थे। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कुलपति के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की, जबकि संबंधित संस्थान शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून ने भी आंतरिक जांच कराई।

जांच में हुई पुष्टि

विश्वविद्यालय और संस्थान की जांच रिपोर्ट में सामने आया कि संबंधित बाहरी प्रश्नपत्र निर्माता आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, ने परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते प्रश्न साझा किए थे। विश्वविद्यालय ने इसे परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता, शुचिता और अकादमिक मानकों का गंभीर उल्लंघन माना है।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि Electromagnetic Field Theory (ECT043) विषय का प्रश्नपत्र भी उसी शिक्षक द्वारा तैयार किया गया था। परीक्षा की निष्पक्षता पर संदेह को देखते हुए विश्वविद्यालय ने इस विषय की परीक्षा भी निरस्त करने का निर्णय लिया।

अगस्त के तीसरे सप्ताह में होगी पुनर्परीक्षा

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता, पारदर्शिता और छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दोनों विषयों की परीक्षाएं रद्द की गई हैं। इनकी पुनर्परीक्षा अगस्त 2026 के तीसरे सप्ताह में आयोजित होगी। विस्तृत डेटशीट और परीक्षा केंद्रों की जानकारी जल्द ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

सभी संबद्ध संस्थानों के निदेशकों और प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित छात्र-छात्राओं को इस निर्णय की तत्काल जानकारी दें और अधिसूचना को अपनी-अपनी वेबसाइट पर भी प्रकाशित करें।

आरोपी प्रोफेसर पर सख्त कार्रवाई

मामले में विश्वविद्यालय ने सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से अगले सात वर्षों के लिए विश्वविद्यालय की सभी परीक्षा संबंधी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए भविष्य में परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जंतर-मंतर प्रदर्शन पर अन्ना हजारे का पीएम मोदी को पत्र, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

Thu Jul 23 , 2026
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के जारी विरोध प्रदर्शन के बीच वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेने, […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!