कांवड़ मेले में खाद्य सुरक्षा पर सख्ती, नीलकंठ यात्रा मार्ग पर मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब तैनात

नीलकंठ : श्रावण मास के कांवड़ मेले में नीलकंठ महादेव धाम पहुंच रहे लाखों शिवभक्तों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने विशेष निगरानी अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत देहरादून से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब को लक्ष्मणझूला क्षेत्र में तैनात किया गया है, जो जानकी पुल के समीप स्थापित होकर खाद्य पदार्थों की निःशुल्क एवं त्वरित जांच कर रही है। इस सुविधा का लाभ व्यापारी एवं आम उपभोक्ता दोनों उठा सकते हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग एवं नीलकंठ क्षेत्र के स्थायी और अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से दूध, पनीर, मिठाई, खाद्य तेल, दाल, चावल, मसाले, पेय पदार्थ सहित विभिन्न खाद्य सामग्री की मौके पर ही वैज्ञानिक जांच की जा रही है। इससे मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं का तत्काल पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के मामलों में संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने, साफ-सुथरे वातावरण में खाद्य सामग्री तैयार एवं विक्रय करने तथा खाद्य गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में लैब एनालिस्ट जितेंद्र भंडारी द्वारा खाद्य पदार्थों के नमूनों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है, जबकि सीनियर फूड सेफ्टी ऑफिसर सारधा शर्मा निरीक्षण एवं जांच अभियान की सतत निगरानी कर रही हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि मिलावटी एवं निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो। उन्होंने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे जानकी पुल के समीप स्थापित मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में अपनी खाद्य सामग्री की निःशुल्क जांच कराकर इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं तथा सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

 

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश

Thu Aug 6 , 2026
देहरादून : भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद देहरादून में 05 एवं 06 अगस्त को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!